रांची के मिशन गली, कांके रोड निवासी राकेश सिंह के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 17 लाख 75 हजार रुपए का वाहन ऋण जारी कर दिया गया। इस मामले में राकेश सिंह ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसके अनुसार कार के लिए लोन 2 अगस्त 2024 को स्वीकृत किया गया। राकेश सिंह को इस लोन की जानकारी तब मिली, जब उन्होंने किसी जरूरत के लिए अपना सिबिल स्कोर चेक किया। स्कोर खराब होने के कारण उन्हें लोन नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन सिबिल पोर्टल पर जाकर विवाद दर्ज कराया। वहां से पता चला कि उनके नाम से आधार, पैन और इनकम टैक्स रिटर्न का फर्जी इस्तेमाल कर किसी और ने लोन लिया है। आधार और पैन पर न तो असली फोटो, न हस्ताक्षर जानकारी मिलने के बाद राकेश सिंह बैंक की शाखा पहुंचे। काफी आग्रह के बाद बैंक अधिकारियों ने उन्हें लोन से जुड़े दस्तावेजों की छायाप्रति दी। दस्तावेजों में इस्तेमाल आधार और पैन कार्ड पर न तो उनका फोटो था, न हस्ताक्षर और न ही सही पता। इनकम टैक्स रिटर्न भी पूरी तरह फर्जी था। राकेश सिंह ने बताया कि इस फर्जी लोन के लिए उनके नाम से फर्जी बैंक खाता और चेकबुक भी जारी किए गए। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।


