फर्जी नाम से रह रहे किरायेदार ने की चोरी:मकान मालिक की अलमारी से चुराए रुपए, UP के बागपत से गिरफ्तार

हनुमानगढ़ जिले के नोहर में एक किरायेदार द्वारा की गई चोरी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर मकान किराए पर लिया था और मौका देखकर मकान मालिक की अलमारी से रुपए चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित सुनील शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे राजू उर्फ राजकुमार ने 3 दिसंबर को अलमारी से रुपए चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अरशद अली आईपीएस के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी का असली नाम जाकिर (55) है, जो नूर मोहम्मद का पुत्र है और उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के किशपुरा बिराल का रहने वाला है। वर्तमान में वह पानीपत के सानोली खुर्द में रह रहा था। आरोपी ने नोहर में अपनी पहचान छिपाकर राजू के नाम से मकान किराए पर लिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल विश्लेषण और मानवीय आसूचना के आधार पर आरोपी को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच नोहर थाने के पुलिस निरीक्षक रमेश पन्नु की टीम कर रही है, जिसमें कॉन्स्टेबल रमेश कुमार, मेवा सिंह, और दो विजय सिंह शामिल हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *