इन दिनों मंदिरों के नाम से फर्जी रसीदें काटने वाली गैंग सक्रिय है। ऐसे ही एक मामले में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की कुड़ी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने कुड़ी क्षेत्र में खुद की फर्जी पहचान बताकर मंदिर के नाम से रसीद काटने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शनि मंदिर के नाम से रसीद काट रहे थे। इसको लेकर एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ मंदिर की रसीद काटने के बहाने घरों की रेकी भी कर रहे थे। अंदेशा है कि संभवत: चोरी की नीयत से सभी रेकी के लिए आए थे। थाने में संजय भाग्यानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि 29 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे उनके गली में शोरगुल हुआ तो बाहर आए। दो लड़के शनि मंदिर के नाम से रसीद काटने के बहाने घर-घर घूम रहे थे। संदिग्ध होने पर उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह कुल चार जने हैं। खुद की फर्जी पहचान बता कर रसीद काट रहे थे। जिनमें से दो लड़के मौके से फरार हो गए। जबकि दो को पड़कर पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूर्व में 26 नवंबर को रात के समय उनकी गाड़ी के टायर चोरी हुए थे। इसके सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस थाना कुड़ी भगतासनी को दिए गए फुटेज में नजर आने वाले दो संदिग्ध के चेहरे पकड़े गए युवकों से मिलते-जुलते ही है। इस पर पुलिस ने मोहसिन खान व आमिर खान पुत्र सईद खान रंगरेज निवासी मकान नंबर 77/43 ओम कॉलोनी सरस्वती नगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी से के भाई है फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।


