भास्कर न्यूज | जांजगीर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। अकलतरा निवासी अर्चना खंडेल ने अपने जेठ अविनाश खंडेल और देवेन्द्र खंडेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अर्चना का कहना है कि इन दोनों ने उनके पति रामेश्वर प्रसाद खंडेल की फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उनके और उनकी नाबालिग बेटी के नाम को जमीन के रिकॉर्ड से हटवा दिया। अर्चना ने थाना अकलतरा में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके पति की मृत्यु 20 सितंबर 2022 को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में हुई थी, जहां वे आरएम के पद पर पदस्थ थे। लेकिन देवेन्द्र खंडेल ने झूठा शपथ पत्र देकर यह दर्शाया कि मृत्यु अकलतरा में हुई थी। इसके आधार पर नगर पालिका अकलतरा से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया गया। इस दस्तावेज के आधार पर तहसील न्यायालय अकलतरा में राजस्व प्रकरण के तहत जमीन के खसरा नंबर 1288/02, 1288/03, 1369/01, 1136/5, 922, 1158/01 और 1281 से अर्चना और उनकी बेटी का नाम हटा दिया गया। आरोप है कि अविनाश खंडेल ने झूठे शपथ पत्र में रामेश्वर खंडेल को “अविवाहित” बताया और खुद को वारिस दर्शाकर जमीन पर दावा किया। अर्चना ने जिला अस्पताल दंतेवाड़ा से असली मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर तहसील कार्यालय में आपत्ति दर्ज की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।


