फर्जी सिम जारी कर धोखाधड़ी करने वाले तीन पीओएस संचालक गिरफ्तार

भास्कर न्यूज| जांजगीर जिले में फर्जी सिम कार्ड जारी कर धोखाधड़ी करने वाले तीन मोबाइल दुकानों पर थाना जांजगीर और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। इन दुकानों से कुल 102 फर्जी सिम कार्ड जारी किए थे, जिसके चलते पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई मंे पुलिस ने फन मोबाइल नैला-जांजगीर के संचालक किशोर राम वानी से 56, ब्लाक कॉलोनी जांजगीर स्थित रेखा मोबाइल की संचालक अंकिता गुप्ता से 19 व रिंग रोड पर संचालित गोनिक्स मोबाइल के संचालक निखिल देवांगन से 27 फर्जी सिम जब्त किए हैं। इन दुकानों के संचालकों ने ग्राहकों की जानकारी के बिना उनके पहचान प्रमाण पत्र (आधार कार्ड फोटो) का दुरुपयोग कर फर्जी सिम जारी किए थे। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की। जांच के दौरान तीनों दुकानों से 102 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए और संचालकों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके खिलाफ थाना जांजगीर में अलग-अलग अपराध क्रमांक 140/2025, 141/2025 और 142/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस, 66(सी) आईटी एक्ट, धारा 42(3)(ई) दूरसंचार अधिनियम 2023 में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच दल में शामिल निरीक्षक प्रवीण दिवेदी, उप निरीक्षक सत्यम चौहान (साइबर सेल प्रभारी) ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल नंबर और पहचान प्रमाण पत्र का सुरक्षित उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस तरह अपराधियों को समय रहते ही पकड़ा जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *