भास्कर न्यूज |लुधियाना फर्नीचर एसोसिएशन पंजाब के प्रधान नवीन चावला और चेयरमैन पाल खुराना ने बताया कि यह पहली बार होगा जब पूरे पंजाब के कारोबारी 3 जनवरी को लुधियाना की फिरोजपुर रोड पर एक ही मंच पर एकत्रित होंगे। इस अवसर पर फर्नीचर एसोसिएशन पंजाब की जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गिल रोड पर हुई एसोसिएशन की मीटिंग में उन्होंने बताया कि इस अहम बैठक में पंजाब के विभिन्न शहरों से करीब 250 से अधिक सदस्य भाग लेंगे। जिन जिलों और शहरों से कारोबारी शामिल होंगे उनमें मोगा, खन्ना, जालंधर, करतारपुर, होशियारपुर, रायकोट, बठिंडा और बरनाला प्रमुख हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले कारोबारी एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे और उद्योग से जुड़ी समस्याओं व संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। नवीन चावला ने कहा कि इस जनरल बॉडी मीटिंग का मुख्य उद्देश्य फर्नीचर उद्योग को आ रही चुनौतियों पर सामूहिक रूप से मंथन करना है। खास तौर पर जीएसटी से जुड़ी विसंगतियों और कमियों को लेकर चर्चा की जाएगी, जिनका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। व्यापारियों का मानना है कि मौजूदा जीएसटी व्यवस्था में कुछ सुधार किए जाने की आवश्यकता है, ताकि छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों को राहत मिल सके। प्रधान चेयरमैन पाल खुराना ने बताया कि बैठक में व्यापार को बढ़ावा देने, बाजार को मजबूत करने और नई संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्नीचर इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारी आज कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनमें बढ़ती लागत, टैक्स से जुड़ी जटिलताएं और प्रतिस्पर्धा प्रमुख हैं। ऐसे में एक साझा मंच पर सभी व्यापारियों का एकत्र होना बेहद जरूरी है।उन्होंने यह भी कहा कि इस बैठक के माध्यम से सरकार तक व्यापारियों की आवाज पहुंचाने के लिए एक साझा रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि फर्नीचर उद्योग के हित में ठोस फैसले लिए जा सकें।


