भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 53वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) द्वारा नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 जनवरी को 53वीं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन एवं सहायक सेनानी आजाद सिंह के नेतृत्व में जवानों द्वारा ग्राम अड़िंगपार से फर्शबेड़ा तक सघन ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान जवान जब गांव फर्शबेड़ा पहुंचे, तो वहां एक नक्सल स्मारक पाया गया। ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली कि यह स्मारक वर्ष 2001 में नक्सली गुरसा उसेंडी एवं उसके साथियों की याद में बनाया गया था। जवानों की उपस्थिति में ग्रामीणों ने स्वेच्छा से उक्त नक्सल स्मारक को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल प्रभाव को कमजोर करने में मदद मिली है। स्मारक ध्वस्तीकरण के बाद आईटीबीपी के जवान सुरक्षित रूप से अपने कैंप अड़िंगपार लौट आए।


