फलोदी दुर्ग के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए पुरातत्व विभाग ने विशेष समिति का गठन किया है। विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेंद्र ने समिति को दुर्ग का निरीक्षण कर संरक्षण कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। चार सदस्यीय समिति में जोधपुर वृत्त के अतिरिक्त निदेशक ब्रजमोहन अरोड़ा शामिल हैं। अन्य सदस्यों में जयपुर से अतिरिक्त तकनीकी निदेशक धर्मजीत कौर, राजकीय संग्रहालय पाली के सहायक अभिलेखाध्यक्ष महेन्द्र कुमावत और जयपुर निदेशालय के सहायक अभियंता अब्दुल वाकी को रखा गया है। सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत थानवी पिछले 12 सालों से दुर्ग के संरक्षण में सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से दुर्ग में सुधार हुआ है। दुर्ग में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। योग दिवस के कार्यक्रम की तस्वीर ‘सुजस पत्रिका’ में छपने से दुर्ग को नई पहचान मिली है। थानवी ने बताया कि उनकी नोडल अधिकारी धर्मजीत कौर से सकारात्मक चर्चा हुई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह कदम फलोदी को पर्यटन मानचित्र पर नया स्थान दिलाएगा। साथ ही क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।


