पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए डीडवाना के युवाओं ने मानवता की मिसाल पेश की है। सुपका गांव के पांच युवा रामस्वरूप रेवाड़, तालीम खान, देवकरण, इमरान खान और मनसब खान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। इन युवाओं ने जरूरतमंद परिवारों को डेढ़ लाख रुपए से अधिक की नगद सहायता प्रदान की। बाढ़ से लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई दुकानें और फसलें बर्बाद हो गई हैं। मवेशी भी बाढ़ में बह गए हैं। युवाओं ने प्रभावित परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार मदद की। उन्होंने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की। साथ ही भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत है। यह कार्य समाज में सेवा और सहयोग का संदेश भी दे रहा है।


