पलामू के सरकारी अस्पताल एमएमसीएच में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। सांप के काटने से मृत युवक को एक महिला ने प्रार्थना से जिंदा करने का अंधविश्वास का खेल किया। दरअसल, हैदरनगर प्रखंड के पतरिया गांव के 24 वर्षीय अजय कुमार को मंगलवार सुबह 4 बजे सांप ने काट लिया था। हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमएमसीएच रेफर किया गया। दोपहर 3 बजे उसकी मृत्यु हो गई। इसी दौरान लातेहार की रहने वाली सुंदरी देवी ने युवक को जिंदा करने का दावा किया। सुंदरी ने युवक के शरीर पर तेल लगाया और धार्मिक किताब से प्रार्थना शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को भी इसमें शामिल कर लिया। इधर, इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अंधविश्वास फैलाने से रोका। सुंदरी देवी अपनी सास के इलाज के लिए अस्पताल आई थीं। वहीं, मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव लेकर चले गए।


