जोधपुर के केन्द्रीय संचार ब्यूरो की ओर से आयोजित दो दिवसीय मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का आज समापन हो गया। ‘वंदे मातरम्/150 वर्ष, विकसित भारत: अन्नदाता का मान, श्रम-शक्ति का सम्मान’ विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी के समापन समारोह में विधायक पब्बाराम विश्नोई मुख्य अतिथि रहे। विधायक विश्नोई ने कहा कि केंद्र सरकार देश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है और शिक्षा व स्वास्थ्य को मजबूत करते हुए समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यह योजना गरीब और कमजोर परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा का वरदान है, जिसके तहत प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त और केशलैस इलाज उपलब्ध है। उप प्रधानाचार्य अरुण कुमार जोशी ने बालिका शिक्षा, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, प्रधानमंत्री फिट इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर संक्षिप्त एवं ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, प्राचार्य मनमोहन पुरोहित, स्कूल स्टाफ, जयप्रकाश बोहरा, मेघराज कल्ला और शिव नारायण सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। स्कूली बच्चों ने लिया भाग इस दौरान राजकीय स्कूल फलोदी की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम/150 वर्ष’ और देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने स्वच्छ भारत पर एक नुक्कड़-नाटक भी प्रस्तुत किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पंजीकृत दल, मलाणी कला केंद्र, बाड़मेर के लोक कलाकारों ने भी नृत्य के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फलोदी, सुगन आईटीआई, सरस्वती विद्या मंदिर उ.मा.वि., आदर्श विद्या मंदिर उ.मा.वि., फलोदी ब्लॉक की आशा सहयोगी, ग्राम पंचायत फलौदी मोखेरी के ग्रामीणजन और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेडिकल कैम्प भी लगा प्रदर्शनी के दौरान एक मेडिकल जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बीपी, शुगर और एनीमिया की जांच के साथ संबंधित दवाएं भी निशुल्क प्रदान की गईं। मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


