धौलपुर में चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार:2.70 लाख रुपए बरामद, सीसीटीवी फुटेज और टावर लोकेशन से आरोपियों की पहचान

धौलपुर पुलिस ने घर में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई 2 लाख 70 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा आरपीएस और वृत्ताधिकारी शहर धौलपुर कृष्णराज जांगिड आरपीएस के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी निहालगंज अमित कुमार शर्मा (पु.नि.) ने टीम का नेतृत्व किया। घटना 26 दिसंबर 2025 की है, जब मानसरोवर कॉलोनी निवासी श्वेता तिवारी पत्नी राकेश तिवारी ने थाना निहालगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी और जेवरात चुरा ले गए। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना निहालगंज में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी का खुलासा करने के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार ठिकाने बदलने के कारण आरोपी पुलिस की पकड़ से बचते रहे, लेकिन आखिरकार उन्हें आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल (19) पुत्र रसूल खां, निवासी विपरपुर, थाना मनियां, और अरमान (21)​​​​​​​ पुत्र सहजाद, निवासी कंचनपुर, थाना कंचनपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में मोटरसाइकिल से कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। घर बंद मिलने पर दो-तीन बार रेकी करने के बाद रात में पाइप रिंच और सरिया की मदद से ताला तोड़कर चोरी करते थे। वारदात में तीन लोग शामिल होते थे और चोरी की रकम को आपस में बराबर बांट लेते थे। इस प्रकरण के खुलासे में हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी और कॉन्स्टेबल सौरभ की विशेष भूमिका रही। पुलिस शेष आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *