बाप पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रमेश कुमार ढाका के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान गोपी उर्फ गोपालराम भील के रूप में हुई है। 1 दिसंबर का मामला यह मामला 4 दिसंबर को बाप पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि 30 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसके माता-पिता और नाबालिग बहन घर पर खाना खाकर सो गए थे। 1 दिसंबर की सुबह 5 बजे जब उसकी मां उठी, तो बहन अपने बिस्तर से गायब मिली। आरोपी ने नाबालिग को भगाने की बात कही माता-पिता ने नाबालिग को काफी ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने प्रार्थी को सूचना दी। परिवार ने गोपी भील निवासी खींवसर से संपर्क किया, जो अक्सर उनके घर आता-जाता था। गोपी ने फोन पर बताया कि वह नाबालिग को भगाकर ले गया है और उससे शादी कर ली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग की तलाश कर उसे दस्तयाब किया। जांच में सामने आया कि आरोपी गोपी उर्फ गोपालराम ने शादी की नीयत से नाबालिग को उसके परिजनों की अनुमति के बिना भगाया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में गोपी उर्फ गोपालराम पुत्र भंवरलाल भील निवासी सींगड़, पुलिस थाना सदर, जिला नागौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


