फलोदी में बिना नंबर प्लेट के 32 गाड़ियां जब्त:बंपर और पटाखे बजाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई, होटल-ढाबों पर की चेकिंग

फलोदी जिले में पुलिस ने अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के 32 वाहन जब्त किए गए। बंपर लगाकर वाहन चलाने वाले 31 चालकों और पटाखे बजाने वाले दो बुलेट चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ये कार्रवाई आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर संध्याकालीन गश्त के दौरान की गई। एडिशनल एसपी ब्रजराजसिंह चारण, सीओ फलोदी अचलसिंह देवड़ा और सीओ लोहावट संग्रामसिंह भाटी के सुपरविजन में जिले के सभी पुलिस थानों ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। एसपी कुंदन कंवरिया ने पुलिस थानों को इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। विभिन्न पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य बाजारों, राजमार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर गश्त करते हुए लगभग 100 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। गश्त के दौरान होटलों और ढाबों की भी सघन चेकिंग की गई। यहां ठहरने वाले आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने, विदेशी नागरिकों का सी-फॉर्म भरने और कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन करवाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने आम जनता से कानून और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया, साथ ही ये भी बताया कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *