प्रजापत समाज की आराध्य देवी श्रीयादे माता की जयंती शहर में मनाई गई। यह आयोजन प्रतिवर्ष माघ सुदी बीज को पूरे देश में होता है। इस अवसर पर शहर के श्रीयादे माता मंदिर में विधिवत पूजा और आरती के बाद एक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को नगर परिषद के पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास और भामाशाह मेघराज कल्ला ने भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। प्रजापति समाज के विनोद प्रजापत ने बताया- शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें समाज की महिलाएं, युवतियां और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। फलोदी जिले के विभिन्न स्थानों से भी समाज के लोग शोभायात्रा में भाग लेने पहुंचे। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।


