विकास के दावों के बीच ये सच्चाई नवगठित फलौदी जिले के बेंदों का बेरा गांव की है। यहां के राबाउप्रावि में 1 कमरे में 8 कक्षाएं लगती हैं और 70 बच्चों को 6 शिक्षक एक साथ पढ़ाते हैं। भास्कर टीम स्कूल पहुंची तो शोर-शराबा था। गणित की पढ़ाई की आवाजें हिंदी कक्षा में जा रही थी व जहां सामाजिक ज्ञान की पढ़ाई हो रही थी, वहां गणित व हिंदी दोनों की आवाजें गूंज रही थीं। बस शोर-शराबे के बीच बच्चे व टीचर्स टाइम पास कर रहे थे। ऐसा रोज होता है। बच्चे-टीचर आते हैं। एक रूम में 8 क्लासों में पढ़ाई के नाम पर खानापूर्ति कर चले जाते हैं। 2001 में शुरू हुए स्कूल में न चारदीवारी है न शौचालय। इसे लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश बिश्नोई ने कहा कि वे अभी अवकाश पर हैं और जल्द इस समस्या का समाधान करवाएंगे।


