भास्कर न्यूज | मझिआंव अहमद ग्रुप ऑफ सिविल कांट्रेक्टर के संचालक मो. याकूब अहमद एवं मो. इशहाक अहमद के द्वारा मुखदेव प्लस टू उच्च विद्यालय करमडीह के मैदान में आयोजित एमपीएल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। यह टूर्नामेंट क्षेत्रीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जिसमें आसपास के कई गांवों और कस्बों की टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला एके कोचिंग करमडीह क्रिकेट टीम और बभनी ब्लास्टर क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एके कोचिंग करमडीह क्रिकेट टीम ने निर्धारित ओवरों में मजबूत प्रदर्शन किया।टीम के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए निर्धारित 14 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने अहम मौकों पर शानदार शॉट्स लगाए, जिससे टीम को मजबूती मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बभनी ब्लास्टर क्रिकेट टीम ने 119 रन बनाकर सिमट गई। हालांकि शुरुआत दौर में ही शीर्ष बल्लेबाजों का विकेट पतन हो गया। एके कोचिंग करमडीह टीम के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। कसी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर उन्होंने रन गति पर अंकुश लगाया। खेल के दौरान बभनी ब्लास्ट को जीत के लिए बड़े शॉट्स की जरूरत थी, लेकिन वे लक्ष्य से आठ रन पीछे रह गए। इस तरह एके कोचिंग करमडीह क्रिकेट टीम ने आठ रनों से जीत दर्ज कर एमपीएल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजेता टीम को मुख्य अतिथि अभिमन्यु उर्फ बबलू कुमार सिंह आयोजन करता मो. याकूब अहमद एवं मो. इशहाक अहमद के द्वारा विजेता ट्रॉफी और 31000 रुपए पुरस्कार राशि प्रदान की गई।वहीं उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ ₹15000 पुरस्कार स्वरूप दिया गया। इसी प्रकार मैन ऑफ द मैच के खिलाड़ियों सहित सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।अंपायर की भूमिका एजाज अंसारी ने निभाई।जबकि कंमेंट्री आगा खान,विकास कुमार तथा सैमुल्लाह खान के द्वारा किया गया।स्कोरर के रूप में आदिल नवाज एवं सचिन चंद्रवंशी रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अभिमन्यु कुमार सिंह ने आयोजक मो. याकूब अहमद एवं मो. इशहाक अहमद एवं सभी खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।वहीं टूर्नामेंट के आयोजकों ने कहा कि क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं के खेल प्रतिभा को प्लेटफॉर्म देना है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा।समारोह का समापन खेल भावना और उत्साह के संदेश के साथ हुआ।


