सरिया| राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को 10 से 25 फरवरी तक शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरिया में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ. आर. निराला के निर्देशानुसार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. ऋषभ शर्मा ने आइवरमेक्टिन, डीईसी एवं एल्बेंडाजोल दवाओं के सुरक्षित सेवन की जानकारी दी। वहीं सेक्टर इंचार्ज मनोज चौधरी ने फील्ड में दवा वितरण के दौरान आवश्यक सावधानियों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि दवा भोजन के बाद ही दी जाए और लाभार्थी को अपने सामने ही सेवन कराया जाए। गर्भवती महिलाओं, गंभीर रोगियों और दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवा से मुक्त रखा गया है। वक्ताओं ने मितानिनों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभियान की मुख्य कड़ी बताया। कार्यक्रम के अंत में अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।


