फाजिल्का के सैनिया रोड स्थित पीर बाबा की दरगाह पर आयोजित मेले के दौरान एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में बाप-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक गोरु, जो श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है, ने बताया कि वह पिछले दस दिनों से दरगाह में सफाई का काम कर रहा था। मेले के दौरान जब वह दरगाह में माथा टेकने गया, तो उसके द्वारा मंदिर में चढ़ाए गए कुछ फूल उठा लिए गए। इसी बात पर उसका एक महिला से विवाद हो गया। शुरुआती विवाद शांत हो चुका था, लेकिन कुछ देर बाद कुछ लोग आए और उन्होंने गोरु और उसके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लाठियों से हमला किया, जिससे दोनों के सर में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।


