फाजिल्का जिले के अबोहर में भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) ने बठिंडा में किसानों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन किसान यूनियन नेता सुखजिंदर सिंह राजन के नेतृत्व में अबोहर के ऊधम सिंह चौक में हुआ। बड़ी संख्या में किसानों और उनके समर्थकों ने इसमें हिस्सा लिया।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बठिंडा में अपनी मांगें रखने पहुंचे किसानों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो निंदनीय है और लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। किसानों ने मौजूदा सरकार पर किसानों की आवाज दबाने के लिए दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया। किसान नेता बोले- जायज मांगों के लिए कर रहे संघर्ष किसान नेता सुखजिंदर सिंह राजन ने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार बातचीत के बजाय लाठीचार्ज का सहारा ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों पर अत्याचार बंद नहीं हुए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार से बठिंडा लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच करवाने, घायल किसानों को मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी कार्रवाई न करने की मांग की।स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसान संगठनों ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसानों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए है और जरूरत पड़ने पर प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।


