फाजिल्का की राधा स्वामी कॉलोनी में एक मामूली विवाद में झगड़े का रूप ले लिया। यह घटना एक मेडिकल स्टोर पर ईनो खरीदने गए एक हकलाने वाले व्यक्ति की नकल उतारने से शुरू हुई। मेडिकल स्टोर संचालक के बेटे द्वारा ग्राहक की नकल उतारने और उसके पिता द्वारा गाली-गलौज करने से मामला बिगड़ गया। पीड़ित पक्ष के बंटी के अनुसार, उनका भाई जो बोलने में असमर्थ है, जब ईनो लेने गया तो मेडिकल संचालक के बेटे ने उसकी नकल उतारनी शुरू कर दी। विरोध करने पर दुकानदार ने गाली-गलौज की। इसके बाद बंटी जब बात करने गया तो विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर से हमला होने लगा। दूसरी ओर, मेडिकल स्टोर संचालक की पत्नी कमलेश रानी का कहना है कि उनके परिवार पर अचानक हमला किया गया। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की, जिसमें उनके पति और सास भी घायल हुए। इस घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से दो गंभीर घायलों को अन्य अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के एएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी सिटी पुलिस को दी जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल के बाहर एकत्र भीड़ को हटा दिया गया है।


