फायरिंग करने जा रहे दो अपराधियों से मुठभेड़, पैर में लगी गोली, एक धराया

पुलिस ने पीछा किया तो फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में गोली लगी पिपरवार के कारो मोड़ के पास शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी। फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी जुबैर अंसारी केरेडारी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 7.6 बोर की एक पिस्टल और तीन खोखे मिले हैं। पूछताछ में जुबैर ने बताया कि वह राहुल सिंह गिरोह के लिए काम करता है। राहुल के इशारे पर पिपरवार में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का प्लान तैयार किया गया था। कारोबारियों में खौफ फैलाने के लिए ट्रांसपोर्टिंग रूट गोलीबारी करनी थी। तय योजना के अनुसार वह शनिवार सुबह एक साथी से साथ बाइक से ट्रांसपोर्टिंग रूट पर जा रहा था। इसी दौरान कारो मोड़ पर पुलिस से सामना हो गया। वह बाइक मोड़कर भागने लगा तो पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया। यह देखकर पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एक गोली उसके पैर में लगी। वह बाइक से गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं बाइक चला रहा उसका साथी फरार हो गया। उसने पूछताछ में पुलिस को कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी दी है। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जुबैर ने चलाई तीन गोली, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में दो गोलियां चलाईं पुलिस ने बाइक घुमाकर भाग रहे अपराधियों का पीछा किया तो जुबैर ने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली जुबैर के पैर में लगी और वह बाइक से गिर गया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर नजदीक के एक अस्पताल में ले गई। वहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स के सर्जरी वार्ड में डॉ. फारूख की देखरेख में जुबैर का इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। इस टीम ने घटनास्थल से सैंपल इकट्‌ठा कर जांच के लिए भेज दिया है। राहुल सिंह गैंग के लिए काम करता है जुबैर, यह पुराना अपराधी कारो मोड़ के पास पुलिस पार्टी को देखते ही बाइक सवार दो अपराधी गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पीछा किया तो पुलिस पार्टी को टारगेट कर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई की। एक अपराधी के पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद घायल अपराधी को पकड़ा गया तो उसकी पहचान जुबैर अंसारी के रूप में हुई। जुबैर पुराना अपराधी है आैर वह कुख्यात राहुल सिंह गैंग के लिए काम करता है। -सुमित अग्रवाल, एसपी चतरा जुबैर का चतरा-लातेहार व हजारीबाग में है खौफ, उस पर पहले से 13 केस दर्ज जुबैर अंसारी पिछले कई महीनों से चतरा, लातेहार आैर हजारीबाग में आपराधिक घटनाओं का अंजाम दे रहा था। कोयला साइडिंग पर गोलीबारी करते हुए कारोबारियों में खौफ बनाकर रंगदारी वसूलने का प्रयास कर रहा था। पुलिस जांच में पता चला है कि राहुल सिंह के नाम पर रंगदारी वसूलने के लिए कुछ दिन पहले जुबैर ने ही अपने गुर्गे के सहयोग से पिपरवार स्थित राजघर साइडिंग पर गोलीबारी की थी। इसके अलावा टंडवा में भी एनटीपीसी गेट पर हुई गोलीबारी में जुबैर के शामिल होने की पुष्टि हुई है। जुबैर पिछले कुछ दिनों से चतरा व लातेहार में कारोबारियों के बीच खौफ बना रखा था। चतरा, लातेहार आैर हजारीबाग के अलग-अलग थानों में पहले से उसके खिलाफ 13 केस दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस अधिकारी भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाया। कारोबारियों में खौफ फैलाने के लिए राहुल सिंह गैंग ने बनाई थी योजना

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *