भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी पुलिस ने कोट खालसा क्षेत्र में फायरिंग के 2 मामलों में फरार आरोपी चंदन शर्मा को 8 दिन के बाद मुठभेड़ में काबू किया। पुलिस ने जबावी कार्रवाई कर आरोपी की टांग में गोली मारकर घायल करके काबू किया। यह घटना दोपहर 1 बजे की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 13 दिसंबर की रात शिकायतकर्ता विक्रम शर्मा निवासी न्यू आदर्श नगर ने बताया कि अपने दोस्त के जागरण में गया था। इसी दौरान उसने गुलशन कुमार और उसकी पत्नी को गली में रामेश्वर नामक बुजुर्ग के साथ मारपीट करते देखा। जब विक्रम शर्मा ने बीच-बचाव किया तो मौके पर 2 युवक पहुंचे। इनमें से एक चंदन शर्मा के हाथ में पिस्तौल थी। उसने बहस करते हुए जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली उसकी बाईं जांघ से होते हुए दाईं जांघ में जा लगी। इस मामले में थाना इस्लामाबाद में पुलिस ने गुलशन और चंदनशर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। गुलशन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था लेकिन चंदन फरार हो गया। अगले दिन 14 दिसंबर को गुरु नानकपुरा में पुलिस से बचने की कोशिश के दौरान आरोपी ने राहगीर बिल्लू को गोली मार दी। गोली उसकी दाईं बाजू को चीरते हुए पेट के दाईं ओर जा लगी और वही गोली बाहर निकल एक महिला सोनिया के हाथ में लगी। दोनों जख्मी हो गए थे। स्कूटी सवार आरोपी गलियों में भाग निकला था। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया। 20 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चंदन शर्मा कोट खालसा क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस टीम बोहड़ी साहिब से गांव थांदे की ओर जा रही थी कि आरोपी ने पुलिस को देखकर खेतों की ओर भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी नहीं रुका और दोबारा गोली चलाई। आत्मरक्षा में सीनियर कांस्टेबल किंदरबीर सिंह ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के पास से तुर्की मेड जिगाना एक पिस्तौल बरामद की। सीपी भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंदन शर्मा की उम्र 30 साल है और 10वीं पास है। 2024 में एएनटीएफ एसएएस नगर थाने में उसके खिलाफ 1 किलो हेरोइन और 381 ग्राम चरस/भांग बरामद होने का केस दर्ज है। आरोपी 5 महीने पहले से जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस पर गोलियां चलाने के मामले में आरोपी के खिलाफ थाना इस्लामाबाद में पर्चा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


