फाल्गुन मेले के पावन उपलक्ष्य में श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा रविवार को श्री श्याम प्रभु खाटू वाले की पैदल निशान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं पूरी होने पर भाग लिया और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। दोपहर साढ़े 3 बजे चौक फव्वारा स्थित श्री मारवाड़ी पंचायती बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ से यात्रा शुरू हुई। दिल्ली और अन्य राज्यों से मंगवाए गए दो क्विंटल सुगंधित फूलों से सजी विशेष पालकी में प्रभु श्री श्याम खाटू वाले को विराजमान किया गया था। यात्रा चौक फव्वारा से शुरू होकर टाउन हॉल, पिंक प्लाजा, भंडारी पुल, रेलवे स्टेशन, इन्कम टैक्स चौक, रतन सिंह चौक और फतेहगढ़ चूड़ियां रोड बाईपास से होते हुए वृंदावन गार्डन स्थित श्री श्याम धाम मंदिर पहुंची। यात्रा की शुरुआत से पहले सभी भक्तों को पारंपरिक राजस्थानी पगड़ी बांधी गई। राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में प्रभु के पवित्र ध्वज (निशान) थाम रखे थे। करीब 13 किलोमीटर की इस लंबी यात्रा के दौरान रास्ते भर विभिन्न सभा-सोसायटियों द्वारा भक्तों के लिए कोल्ड ड्रिंक, जूस और जलपान की व्यवस्था की गई। यात्रा शुरु करने से पहले सभी को राजस्थानी पगड़ी बांधी गई। इस मौके पर रमेश मित्तल, अमित मित्तल, गोविंद बंसल, विष्णु पोद्दार, अभिषेक खेमका, राहुल मित्तल, अनिल पोद्दार, रजनीश मित्तल समेत कई श्याम भक्त मौजूद रहे। चौक फव्वारा से श्री श्याम प्रभु खाटू वालों की फाल्गुन निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालु। फोटो-सुनील कुमार पालकी में विराजमान प्रभु श्री श्याम खाटू वाले। निशान यात्रा में शामिल महिलाएं।


