धौलपुर में फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्थान सरकार द्वारा मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े में हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित इस मैच में पूर्व उपसभापति निशांत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निशांत चौधरी ने खिलाड़ियों से मिलते हुए कहा कि धौलपुर हॉकी में देश का सिरमौर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे पूरी एकाग्रता से खेलें और राष्ट्रीय स्तर पर धौलपुर का नाम रोशन करें। भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि राजस्थान सरकार खेलों को लेकर संवेदनशील है। सेवा पखवाड़े में खेलों का विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिल सके। धौलपुर सीनियर्स की टीम की तरफ से जिला हॉकी संघ के सचिव रनवीर सिंह परमार, पूर्व खिलाड़ी अकील अहमद, जाहिद कुरैशी, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अजय बघेल, मोहम्मद जाकिर हुसैन, हीरा बहादुर, त्रिलोक यादव और हर्षवर्धन आदित्य शर्मा ने खेला। मैच का परिणाम 1-1 से बराबरी पर रहा। योगेश कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन रंजीत दिवाकर एडवोकेट ने किया। विजय दिवाकर, अमृतलाल, रामेश्वर और अमन समेत कई गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।


