फिरोजपुर कैंट में चल रही सेना की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दौरान धोखाधड़ी का मामला सामने आया। काउंटर इंटेलिजेंस डिटैचमेंट पश्चिमी कमान की शिकायत पर पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया, जो युवाओं को मेडिकल टेस्ट में पास कराने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे थे। पश्चिमी कमान इंटेलिजेंस बटालियन फिरोजपुर कैंट के लेफ्टिनेंट कर्नल की शिकायत के अनुसार, अमृतसर जिले के गांव मल्लूवाला निवासी हरगोविंद सिंह उर्फ शेरा और गांव राय निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी इस धोखाधड़ी में शामिल थे। ये उम्मीदवारों को झांसा दे रहे थे कि मेडिकल टेस्ट में फेल नहीं होने देंगे। दोनों आरोपी युवाओं से उनके मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र और प्रवेशपत्र भी ले रहे थे ताकि वे पूरी तरह उनके जाल में फंस जाएं। जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।


