फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के आंबेडकर पार्क सैलई में एक युवक के साथ मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। भाई को पिटता देख बीच बचाव करने पहुंची गर्भवती बहन को भी आरोपियों ने सड़क पर गिरा कर पीटा। जिसमें वह घायल हो गई। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। सैलई निवासी पप्पू उर्फ निर्मल कुमार ने मुहल्ले के ही दो लोगों पर बेटे और परिजन की पिटाई करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि उनके बेटे रौनी के साथ मुहल्ले के ही निवासी दो लोग गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर दोनों ने उनके बेटे की पिटाई कर दी। उसे बचाने के लिए अनीता देवी और नौ माह की गर्भवती काजल आईं तो उनकी भी पिटाई की गई। आरोपियों ने गिराकर पीटा
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किसी बात को लेकर मोहल्ले के ही आरोपी उनके बेटे के साथ गाली गलौज और मारपीट कर रहे थे। उनकी बेटी बीच बचाव करने के लिए पहुंची थी। तभी आरोपियों ने उसको गिराकर उसके साथ भी मारपीट की। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज होगा
इंस्पेक्टर संजीव कुमार दुबे ने बताया- घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


