शहर में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला है। शनिवार को दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्दी ने अचानक जोर पकड़ लिया। एक दिन पहले जहां रात का तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शनिवार को यह लुढ़ककर 8.8 डिग्री पर आ गया। यानी रात के तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह से ही ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे सर्दी को नई धार मिल गई। दिनभर धूप खिली रही। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी सर्दी का ज्यादा अहसास हुआ और कई लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। हालांकि दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में केवल 0.4 डिग्री की कमी आई। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा था। तापमान में आई अचानक गिरावट से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। इस सीजन में तीसरी बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ, लेकिन इसके बावजूद मावठ नहीं हुई। आगे क्या… मौसम विभाग जयपुर के डायरेक्शन राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी 48 घंटे में भीलवाड़ा में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। शेखावाटी भागों व उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 26-27 जनवरी को सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में 26 जनवरी को दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।


