शहर में बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। पिछले तीन दिनों तक लगातार कोहरे के बाद बुधवार सुबह साढ़े सात बजे हल्की धूप जमीन तक पहुंची, जिससे लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। सुबह-सुबह धूप खिलने से दिन की शुरुआत अपेक्षाकृत बेहतर रही। हालांकि मंगलवार देर रात तक हल्का कोहरा रहा, जिसका असर सुबह तक खत्म हो गया। पिछले तीन दिनों से सुबह आठ बजे से घना कोहरा छा रहा था। बुधवार को बीकानेर का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने के कारण सुबह और रात के समय अभी भी ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल दिन में धूप निकलने से राहत रहेगी, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। आने वाले सप्ताह में तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है। अनुमान है कि सात दिन बाद बीकानेर में कड़ाके की ठंड लौट सकती है। खासकर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आसपास सर्दी का असर तेज हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई जा रही है। कुल मिलाकर बीकानेर में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है, लेकिन ठंड के दोबारा तीखे होने के संकेत मिलने लगे हैं।


