जालंधर जिले के फिल्लौर के गढ़ा गांव में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रही 13 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब छात्रा अपनी बुआ के साथ गुरुद्वारे से घर लौट रही थी। हादसे में कार ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक छात्रा की पहचान मुस्कान (13) के रूप में हुई है, जो छठी कक्षा में पढ़ती थी। वह अपनी बुआ प्रवीण के साथ गांव के गुरुद्वारा साहिब में चल रहे समागम से वापस घर लौट रही थी। दोनों सड़क किनारे चल रही थीं, तभी पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पेड़ से टकराई छात्रा टक्कर इतनी भीषण थी कि मुस्कान उछलकर पास के एक पेड़ से जा टकराई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर के बाद कार पास खड़ी एक थार गाड़ी से टकराकर रुकी। हादसे में कार ड्राइवर दलजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह जालंधर के नगर गांव का निवासी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिल्लौर पुलिस ने मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है। ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज फिल्लौर थाने के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। मृतक छात्रा की बुआ प्रवीण के बयानों के आधार पर कार ड्राइवर दलजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


