फुंडहर के हर घर ट्रैफिक पुलिस का चालान, कोई श्मशान घाट जा रहा, कोई मंदिर और तालाब, कारण हेलमेट नहीं

वीआईपी रोड में फुंडहर बस्ती के हर घर में ट्रैफिक पुलिस का चालान पहुंच चुका है। 800 की आबादी वाली इस बस्ती में रहने वाले लोग आए दिन पुलिस के चालान से परेशान हैं। एक-एक घर में अब तक 15 से 20 हजार का चालान पहुंच चुका है। इन सभी चालानों का एक ही कारण है- चालक हेलमेट नहीं पहन रहे। परेशान बस्ती वालों ने मंगलवार को अपना दुखड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह को बताया। कारण जानकार वे भी हैरान रह गए कि ऐसा क्यों हो रहा है? दरअसल, फुंडहर चौक पर मुख्य सड़क फुंडहर बस्ती को दो भागों में बांट देती है। आधी आबादी सड़क के एक तरफ और आधी दूसरी तरफ। लोगों को कामों के लिए कभी इधर-कभी उधर जाना पड़ता है। दैनिक कामों के लिए वे एक तरफ से दूसरी तरफ बाइक से जाते हैं, लेकिन हेलमेट नहीं होने के कारण उनका चालान कट रहा है। वीआईपी रोड में फुंडहर चौक के पास बस्ती के पास ट्रैफिक पुलिस का सिग्नल है। यहां पर कैमरे भी लगाए गए हैं। एक तरफ से निकलकर बस्ती का कोई व्यक्ति दूसरी तरफ जाता है, उतने में ही वे बिना हेलमेट कैमरे में कैद हो जाते हैं। ट्रैफिक पुलिस चालान काटकर घर भेज देती है। लोगों का कहना है कि सड़क के एक तरफ श्मशानघाट, तालाब और मंदिर इत्यादि है। कभी इस तरफ के लोग दूसरी जाते हैं तो कभी दूसरी तरफ के लोग इस तरफ आते हैं। हर घर में अब तक 40 से 50 चालान पहुंच चुके हैं। सभी चालान में कारण हेलमेट नहीं पहनना होता है। इन शिकायतों को लेकर बस्ती के लोग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह से मिले। उन्होंने अपनी आपबीती बताई। एसएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस विषय पर वे जल्द ही कोई निर्णय लेंगे और नियम बनाएंगे। लोगों के साथ प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *