भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे हैं संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत गुरुवार को पहला मैच रेलवे करंजी व न्यू बॉयज क्लब भटगांव के मध्य खेला। कांटे की टक्कर के बीच टीमों ने बराबरी पर मैच खत्म किया। दोनों टीमों ने कई मूव बनाए, पर इसे गोल में नहीं बदल पाए। दूसरा मैच फुटबॉल क्लब जामदोहर व फाइटर क्लब मेंडराखुर्द के मध्य खेला गया। मैच के प्रथम हाफ में मेंडराखुर्द की टीम ने अच्छे तालमेल के साथ खेलते हुए 1-0 की बढ़त बना ली थी। मैच के दूसरे हाफ में भी मेंडराखुर्द की टीम ने छोटे-छोटे पास खेलते हुए लगातार दो गोल कर 3-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन खेल के अंतिम समय में जामदोहर की टीम ने एक गोलकर गोल के अंतर को कुछ कम किया। इस तरह फाइटर क्लब मेंडराखुर्द की टीम ने 3-1 से मैच जीत लिया। आज के मैच के निर्णायक दिनेश कुमार तिर्की, आयुष, प्रकाश, अखिलानंद, कमलेश्वर, मंगल व दीपक कुजूर थे। आज इनके बीच मुकाबला 25 सितंबर को पहला मैच सूरज क्लब तालपारा विरुद्ध ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर के मध्य खेला जाएगा। दूसरा मैच सरगुजा 11 अंबिकापुर विरुद्ध रेलवे करंजी के मध्य खेला जाएगा।


