भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक के आश्रित ग्राम केवराबहरा के ग्रामीण लंबे समय से राशन वितरण की असुविधा से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि प्रत्येक माह राशन लेने के लिए उन्हें करीब 35 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर बुधवार को गांव की कई महिलाएं पिकअप वाहन से जिला मुख्यालय पहुंचीं और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्राम कुशहा के अंतर्गत आने वाले केवराबहरा के ग्रामीणों ने बताया कि राशन दुकान तक पहुंचने में न केवल समय, बल्कि आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। कई बार दो-दो बार जाना पड़ता है और प्रति व्यक्ति लगभग 100 रुपए का किराया लग जाता है, जो गरीब परिवारों के लिए बड़ी समस्या है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी वृद्धों और महिलाओं को होती है, क्योंकि गांव में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है। ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि गांव में स्थायी या अस्थायी राशन वितरण केंद्र खोला जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।


