बैकुंठपुर | चिरमिरी शहर के हल्दीबाड़ी से बड़ा बाजार के बीच सवा किलोमीटर सड़क पर बने गड्ढे अब लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। प्रशासन ने यातायात को सुचारू करने अस्थायी उपाय के तहत इन गड्ढों में मिट्टी भर दी थी, लेकिन बारिश ने इस उपाय का उल्टा असर दिखाया। बारिश के कारण मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। बुधवार दोपहर 1 बजे एक बाइक सवार इसी कीचड़ में फिसलकर गिर गया। उसे उठाने पहुंचे दूसरे युवक की बाइक भी फिसल गई और वह भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस सड़क पर हादसे की आशंका पहले से ही रहती है और अब बारिश के बाद कीचड़ ने खतरा और बढ़ा दिया है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढों की पक्की मरम्मत की जाए, ताकि आने-जाने में हो रहे हादसों से बचा जा सके।


