भास्कर न्यूज | अमृतसर महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में नारायणगढ़ स्थित पंचरत्न श्री कृष्णा मंदिर कमेटी और शिवाला बाग भाइयां ट्रस्टियों की ओर से प्रभातफेरियां शुरू कर दी गई हैं। शिवाला मंदिर से हर रविवार को प्रभातफेरी निकाली जा रही है। जबकि नारायणगढ़ मंदिर से शुक्रवार को रोजाना प्रभातफेरी निकाली जाएगी। घने कोहरे और धुंध के चलते भी लोगों की आस्था कम नहीं हुई। सुबह 5 बजे ही शिव भक्त सर्दी की परवाह किए बिना ही मंदिर में पहुंचे। फूलों से सजे रथ पर बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग को विराजमान किया गया। मंदिर से प्रभातफेरी शुरू करने से पहले पुजारियों ने मिलकर मंत्रोच्चारण करके भोलेनाथ की आरती उतारी। इसके बाद प्रभातफेरी कई इलाकों में पहुंची। प्रभातफेरी जिन घरों में पहुंची वहां भक्तों ने मिलकर आरती उतारी और फूल बरसाए। मंदिर से शुरू होकर प्रभातफेरी पुराने नारायणगढ़, नए नारायणगढ़ समेत कई मंदिर कमेटी के सदस्यों और पदाधिकारियों के घरों में पहुंची। महिला भजन मंडली ने बाबा भोलेनाथ का गुणगान किया। फेरी में शामिल भक्तों को चाय पकौड़े, कॉफी समेत कई तरह का खाने-पीने का सामान बांटा। इस मौके पर मंदिर कमेटी के चेयरमैन पुरुषोत्तम पाल, प्रधान तरसेम लाल रंगीला, सुशील कुमार शीला समेत कई मंदिर कमेटी और भक्तजन मौजूद रहे।


