फोटो वार:पूर्व सीएम भूपेश ने मंत्री लखनलाल को घेरने छोड़ा तीर, पलटकर उन्हीं की पार्टी के पूर्व मंत्री को आ लगा

भूपेश ने लखन की फोटो जारी कर कहा- फ्लोरा मैक्स का उद्घाटन मंत्री ने किया था vs लखन ने जवाब में पूर्व मंत्री जय​सिंह की पत्नी रेणु की उद्घाटन वाली फोटो जारी की कोरबा में महिलाओं को बैंक के कर्ज में फंसाकर भागने वाली कंपनी फ्लोरा मैक्स को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। दो दिन पहले ठगी का शिकार महिलाओं ने मंत्री रामविचार नेताम और लखनलाल देवांगन को घेर लिया था। इसके बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने फोटो का एक तीर चलाया। यह पलटकर उनके ही पूर्वमंत्री पर आ लगा है। मामला इस तरह है कि भूपेश ने एक फोटो जारी की, जिसमें दावा किया कि कंपनी का लखन उद्घाटन कर रहे हैं। इस पर पहले तो मंत्री लखनलाल ने सफाई दी। कहा कि यह फोटो उत्कर्ष स्मॉल बैंक की है। उन्होंने बैंक का आमंत्रण भी सार्वजनिक किया। फिर उन्होंने दूसरी फोटो जारी की, जिसमें पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल की पत्नी रेणु अग्रवाल कुछ महिलाओं के साथ खड़ी हैं। लखन का दावा है कि यह फोटो फ्लोरा मैक्स के ऑफिस उद्घाटन की है। अब कांग्रेस ने सफाई दी कि रेणु एक मॉल में स्वसहायता समूह कार्यक्रम में शामिल हाेने गई थी। तस्वीर लखनलाल के कार्यालय ने जारी की है, जो सिटी सेंटर मॉल स्थित फ्लोरा मैक्स के दफ्तर की है। दावा है कि रेणु अग्रवाल के बगल में खड़ा ये शख्स फ्लोरा मैक्स ठगी मामले का मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह है। बाकी महिलाएं अखिलेश के ठगी के रैकेट से जुड़ी सदस्य हैं। दुष्प्रचार कर रहे हैं भूपेश: लखन
भूपेश फर्जी तस्वीर वायरल कर दुष्प्रचार कर रहे हैं। यह तो एक बैंक के उद्घाटन की है। सच तो यह है कि कांग्रेस राज में 2022 से फ्लोरा मैक्स कंपनी कोरबा समेत अन्य जिलों में पहुंची। कांग्रेस के नेताओं की शह पर कम्पनी ने हजारों महिलाओं को ठगा। हमारी सरकार तो कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेज रही है। मुख्य सरगना सहित कई जेल में हैं। कांग्रेस से जुड़े होने का प्रमाण रेणु के साथ अखिलेश की तस्वीर बयां कर रही हैं।
लखन लाल देवांगन, वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री मंत्री लखनलाल पर आरोप है जयसिंह पर नहीं: कांग्रेस
पूर्व मंत्री की पत्नी रेणु का फ्लोरा मैक्स कंपनी से लेना-देना नहीं है। कंपनी ने कोरबा के मॉल में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का स्टाल खोला था। रेणु वहां गई ​थीं। उन्होंने समूह की महिलाओं के आग्रह पर फोटो खिंचवाया। पीड़ित महिलाओं ने मंत्री लखनलाल पर कंपनी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। रेणु और जयसिंह अग्रवाल पर आरोप नहीं लगाया गया है।
सुशील आनंद शुक्ला, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग जय सिंह ने फोन उठाना किया बंद: रेणु द्वारा फ्लोरा मैक्स के उद्घाटन की फोटो सामने आने के बाद पूर्व मंत्री जय​सिंह अग्रवाल ने मीडिया से दूरी बना ली है। पता चला कि वे राजस्थान शादी में गए हैं। देर शाम कांग्रेस ने इस मामले में बयान जारी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *