लुधियाना में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक स्कूल टीचर का बैंक खाता हैक कर ठगों ने 16,71,012 रुपए उड़ा लिए। पीड़िता निधी सूद, जो पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में रहती हैं और डीसीएम प्रेसीडेंसी स्कूल, जमालपुर में टीचर हैं, ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करवाई है। निधी के बयान के अनुसार, निधी के फोन पर काफी मैसेज आ रहे थे जिसके बाद जब उन्होंने अपना मोबाइल फोन चेक किया, तो लगातार कई ओटीपी प्राप्त होने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने इंडसइंड बैंक खाते में अनधिकृत लेन-देन देखे, जिसमें कुल मिलाकर 16.71 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शंस के जरिए निकाल लिए गए थे। पीड़िता ने बताया कि यह पूरी ठगी उनके मोबाइल फोन को हैक करने के बाद की गई। न तो उन्हें किसी कॉल पर ओटीपी साझा किया, न ही किसी लिंक पर क्लिक किया था। इसके बावजूद ठग उनके खाते में घुसपैठ कर रकम साफ करने में सफल रहे। शिकायत मिलने पर रेशम सिंह ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। जांच में पाया गया कि यह मामला धोखाधड़ी और अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजेक्शन से जुड़ा है। पुलिस ने धारा 319(2) और 318(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साइबर क्राइम की टीम ने बताया कि शुरुआती जांच में यह एक हाई-टेक फ्रॉड लग रहा है, जिसमें ठगों ने मोबाइल हैक कर बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग किया।


