बूंदी के देवपुरा क्षेत्र में एक मकान में तोड़फोड़ करने और महिलाओं के साथ मारपीट करने के आरोपी पुलिस फोर्स के बाबू सहित अन्य आरोपियों का पुलिस ने मंगलवार को घटनास्थल तक पैदल जुलूस निकाला। फोर्स बाबू को आईजी के निर्देश पर निलंबित कर दिया है। घटना तीन दिन पहले की है, जब रात में एक मकान में इन लोगों ने उत्पात मचाया था। सदर थाना पुलिस ने एक मकान में तोड़फोड़ करने और तीन महिलाओं के साथ मारपीट करने के मुख्य आरोपी एसपी ऑफिस के फोर्स बाबू नविंद्र मीणा सहित अन्य आरोपियों का सदर थाने से घटनास्थल तक पैदल जुलूस निकालकर वारदात स्थल की तस्दीक करवाई है। इस दौरान लोग दुकानों से आरोपियों को देखकर घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए। बूंदी के देवपुरा इलाके में तहसील रोड पर एसपी ऑफिस में कार्यरत फोर्स बाबू नविन्द्र मीणा, भरतपुर एसपी ऑफिस में तैनात सुदीप्त सिंह सहित चरणजीत सिंह ने मिलकर एक महिला के मकान पर तोड़फोड़ करने के साथ तीन महिलाओं के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना शहर में काफी चर्चा में है। इस मामले में पीड़िता बृज कंवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं।


