भोपाल रोड स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी में दस महीने पहले महिला की हत्या और उसके बाद उसका शव फ्रिज में बंद करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस आरोपी संजय पाटीदार को लेकर वृंदावन धाम कॉलोनी के मकान नंबर 128 पर पहुंची। यहां उससे सीन रीक्रिएट कराया।
शनिवार को दोपहर में बीएनपी पुलिस आरोपी संजय को लेकर वृंदावन धाम के किराए के मकान में पहुंची। टीआई अमित सोलंकी ने कहा गेट से जिस हालत में गया अब बता क्या किया। आरोपी ने गेट खुलवाने से लेकर पिंकी को मारने तक की कहानी बताई। पिंकी उसके साथी विनोद को जानती थी इसलिए वह भी अंदर पहुंच गया। इस दौरान बातें होती रहीं।
बातचीत में हर समय प्रेमिका शादी की बात पर जोर दे रही थी। जब संजय ने मना किया तो वह गुस्सा होने लगी। दोनों में बहस हो गई। इस दौरान संजय ने पिंकी के ही दुपट्टे उसका गला घोंट दिया। चिल्लाने का प्रयास किया तो संजय और विनोद दोनों ने मुंह दबा दिया। वह कुछ ही मिनट में शांत हो गई। फिर संजय ने कपड़े से दोनों हाथ बांधे और फ्रिज की सभी ट्रे निकाली और दोस्त के साथ मिलकर शव को फोल्ड करके फ्रिज में ठूंस दिया।


