फ्री मिठाई न देने पर फरसे से दुकानदार पर हमला:आरोपियों ने ताबड़तोड़ किए वार, दोनों हाथ की उंगलियां कटीं; आरोपी फरार

जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में फ्री में मिठाई न देने पर तीन बदमाशों ने मिठाई दुकान संचालक पर डंडे और फरसे से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार के दोनों हाथों की उंगलियां कट गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों जग्गा, रमजान और राजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना 25 नवंबर की बताई जा रही है। दोपहर करीब 1 बजे तीनों आरोपी हथियारों के साथ दुकान पर पहुंचे और तोहिद से विवाद करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने फरसे से उस पर हमला कर दिया। तोहिद ने खुद को बचाने की कोशिश की, इस दौरान उसके दोनों हाथों की उंगलियां कट गईं। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के अगले दिन पीड़ित ने हनुमानताल थाने में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होने से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी जल्दी नहीं पकड़े गए, तो बड़ी घटना हो सकती है। रोज फ्री में उठाकर ले जाते थे मिठाई स्लॉटर हाउस गेट नंबर 3 के पास मोहम्मद तोहिद की मिठाई दुकान है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले जग्गा, रमजान और राजा पिछले एक महीने से दुकान पर आकर हाथों से मिठाई उठाकर बिना पैसे दिए चले जाते थे। शुरुआत में तोहिद ने कुछ नहीं कहा, लेकिन जब यह रोज की आदत बन गई तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। परिवार का गुजारा इसी दुकान से दुकान संचालक का कहना है कि छोटी सी मिठाई दुकान से ही परिवार का खर्च चलता है। पिछले एक महीने से आरोपी रोज मिठाई लेकर जा रहे थे। कई बार समझाया लेकिन वे नहीं माने। 25 नवंबर को जब उन्हें फ्री में मिठाई देने से मना किया गया तो वे नाराज होकर गए और थोड़ी देर बाद हथियार लेकर हमला कर दिया। पुलिस का दावा– जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी हनुमानताल थाना प्रभारी धीरज राज ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *