गाजियाबाद में हापुड़ रोड पर तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़ते हुए फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। सोमवार तड़के हादसा हुआ। इसमें पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना सिहानी गेट थाने के सामने हुई। कार के नीचे गिरने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। जिस तरह रेलिंग टूटी, लोग अनुमान लगा रहे कि कार की स्पीड 100 किमी के आसपास रही होगी। कार 30 फीट नीचे गिरने से पूरी तरह डैमेज हो गई। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस और यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी ली। सुबह कार को देखने वालों की भीड़ लगी रही। मृतक की पहचान मधुबन बापूधाम थाना के जागृति विहार निवासी राकेश शर्मा के रूप में हुई है। बेटा प्रिंस घायल है। 2 तस्वीरें देखिए- फ्लाईओवर के नीचे PWD का कैंपस है
ओवर ब्रिज से नीचे लोक निर्माण विभाग (PWD) ऑफिस का कैंपस है। ऊपर से कार नीचे गिरी तो गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया। ACP सिहानी गेट उपासना पांडेय का कहना है कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। कार कैसे गिरी है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। तड़के करीब 3.15 बजे यह हादसा हुआ है। बेटा ड्राइव कर रहा था, पिता आगे बैठे थे
पुलिस के मुताबिक, UP14 FC9453 नंबर की कार है। प्रिंस चला रहे थे, जबकि उनके पिता राकेश शर्मा आगे की सीट पर बैठे थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची। राहगीरों की मदद से दोनों को यशोदा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां गंभीर रूप से घायल राकेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वही, प्रिंस का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि रात में लंबी ड्राइव के दौरान नींद आने से हादसा हो सकता है। फ्लाईओवर पर कार जिस तरह रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी, उससे कार की रफ्तार और जोरदार टक्कर का अंदाजा लगाया जा सकता है। ——————— ये खबर भी पढ़िए- पलायन के पोस्टर…हनुमान चालीसा फिर गुरुद्वारे के बाहर मीट: मेरठ के हिंदू एरिया में मुस्लिम के मकान खरीदने पर बवाल यूपी के मेरठ में हिंदू-सिख बाहुल्य क्षेत्र में एक मुस्लिम व्यक्ति के मकान खरीदने से शुरू हुआ विवाद अब कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। पहले दिन स्थानीय लोगों ने पलायन के पोस्टर लहराए। दूसरे दिन हिंदू संगठनों ने पुलिस स्टेशन में हनुमान चालीसा पढ़ी। तीसरे दिन इसी मकान के बगल में गुरुद्वारे के बाहर स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति मीट फेंककर चले गए। पढ़ें पूरी खबर…


