रतलाम में एक बार फिर सराफा बाजार से बंगाली कारीगर 410 ग्राम सोना लेकर परिवार समेत गायब हो गया है। कारीगर के घर पर ताला है। आरोप है कि ज्वेलर्स ने जेवर बनाने के लिए सोना दिया था। जब वह वापस नहीं पहुंचा तो पता चला कि वह सोना लेकर फरार हो गया। बंगाली कारीगर के सोना लेकर भागने की सूचना पर सराफा बाजार में हड़कंप मच गया। शहर के सराफा बाजार चांदनीचौक क्षेत्र में स्थित शिवशक्ति ज्वेलर्स के संचालक दिनेश जोशी ने माणकचौक पुलिस को आवेदन दिया है। ज्वेलर्स ने रतलाम के वेदव्यास कॉलोनी ने रहने वाले बंगाली कारीगर संदीप सिंह दास को नवंबर 25 में जेवर बनाने के लिए 350 ग्राम सोना दिया था। लेकिन उसने जेवर नहीं बनाए। रोज बहाना करता रहा कि बना रहा हूं। व्यापारी इसे फोन लगाते रहे। रोज आज-कल में जेवर देने की बात कहता रहा। 7 जनवरी को ज्वेलर्स दिनेश जोशी ने संदीप सिंह को कॉल किया। मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद वह उसके घर पहुंचे तो ताला मिला। तब जाकर पता चला कि वह गायब हो गया। इसके भाग जाने के बाद जानकारी मिली कि बंगाली कारीगर एसोसिएशन के पदाधिकारी विश्वजीत ने भी जेवर बनाने के लिए इसे 60 ग्राम सोना दिया था। दो दिन तक अपने स्तर पर तलाश किया
ज्वेलर्स व अन्य बंगाली कारीगर ने अपने स्तर पर इसे तलाश किया। अन्य बंगाली कारीगरों से पूछताछ की। लेकिन कोई पता नहीं चला। बंगाली कारीगर के रतलाम में रहने वाली बहन व जीजा से भी संपर्क किया। लेकिन उन्होंने भी उसके बारे में कोई जानकारी होने से मना कर दिया। थाने पहुंचे, रात में दिया आवेदन
शुक्रवार को ज्वेलर्स, सराफा व्यापारियों के साथ माणकचौक थाने पहुंचा। बंगाली कारीगर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी पहुंचे। पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने सोना लेकर गए बंगाली कारीगर की बहन व जीजा को थाने बुलाकर पूछताछ की। लेकिन वह भी कुछ नहीं बता पाए। दिनभर में ज्वेलर्स थाने पर आवेदन भी नहीं दे पाया। जबकि पुलिस एफआईआर दर्ज करने के लिए तैयार थी। लेकिन वह चाहता था कि किसी भी स्तर पर बातचीत कर उसे उसका सोना मिल जाए। आखिरकार रात में उसने थाने में आवेदन दिया। जिसमें ज्वेलर्स का 350 ग्राम व पदाधिकारी का 60 ग्राम सोना लेकर बंगाली कारीगर के भाग जाने की बात कही। हावड़ा का रहने वाला
सोना लेकर गायब हुए बंगाली कारीगर संदीप सिंह दास पिछले 10 साल से रतलाम में रह रहा था। घर में पत्नी व तीन साल का बेटा है। पत्नी व बेटे को लेकर वह गायब हो गया है। संदीप सिंह दास मूलत: हावड़ा कलकत्ता का रहने वाला है। पुलिस ने संदीप सिंह दास की रतलाम में रहने वाली बहन व जीजा से संपर्क किया। लेकिन उन्होंने कुछ भी जानकारी होने से मना कर दिया। यहां तक हावड़ा में जानकारी लेने पर पता चला कि वह अभी वहां नहीं पहुंचा है। एक अन्य कारीगर भी गायब
संदीप सिंह दास के अलावा एक अन्य बंगाली कारीगर भी एक अन्य व्यापारी का 165 ग्राम सोना लेकर गायब हुआ है। लेकिन अभी तक व्यापारी सामने नहीं आया है और नहीं किसी प्रकार से कोई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रतलाम सराफा एसोसिएशन को इस बारे में जानकारी है। माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि व्यापारी ने आवेदन दिया है। दो लोगों को 410 ग्राम सोना लेकर बंगाली कारीगर परिवार समेत गायब हुआ है। रतलाम में रहने वाले परिजनों से पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज चैक किए जा रहे है। जिस जगह का रहने वाला है वहां पर भी संपर्क किया जा रहा है।


