बंगाल में चोरी कर झारखंड में छिपते थे, तीन गिरफ्तार:सात घरों में की थी चोरी, रात में हांसी पहाड़ी से करते थे वारदात

रूपनारायणपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पश्चिम बंगाल में चोरी करने के बाद झारखंड में छिपता था। पुलिस ने गिरोह के सरगना नसीब खान समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अरुणाभ भट्टाचार्य के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में राहुल हाड़ी और विशाल हाड़ी को भी पकड़ा गया। तीनों की उम्र लगभग 20 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने हाल ही में रूपनारायणपुर में सात घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि मास्टरमाइंड एक स्थानीय दुकान पर मौजूद है। पुलिस के पहुंचते ही भागने की कोशिश कर रहे सरगना नसीब को नाटकीय ढंग से पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य रूपनारायणपुर में सीमेंट की दुकान पर काम करता था। अपराधी रात में चार पहिया वाहन से हांसी पहाड़ी (झारखंड) पहुंचते और यूथ क्लब के पास सोने का नाटक करते थे। फिर एक-एक करके खाली घरों को निशाना बनाकर चोरी करते और वाहन से फरार हो जाते थे। चोरी का सामान विशाल के घर में छिपाया जाता था। थाना प्रभारी अरुणाभ भट्टाचार्य का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा। इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *