पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा है कि झारखंड सरकार पूरी तरीके से भगवान बिरसा के रास्ते पर चल रही है। आनेवाले दिनों झारखंड एक ऐसा प्रदेश होगा जो पूरे देश के अग्रणी प्रदेशों में शामिल होगा। भगवान बिरसा मुंडा ने झारखंड को ही नहीं बल्कि पूरे देश-दुनिया और विशेष रूप से आदिवासियों को जो रास्ता दिखाया है वह प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। कहा कि देर-सबेर दुनिया को उसे रास्ते पर आना ही पड़ेगा। बंधु तिर्की गुरुवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड के लूंबई में बिरसाइतों की बैठक में शामिल हुए। समारोह से पूर्व बंधु तिर्की ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


