बकानी में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बकानी बस स्टैंड पर आयोजित किया गया, जिसमें एक निर्दोष हिंदू युवक को पेड़ से लटकाकर बेरहमी से मार डालने की घटना का भी विरोध किया गया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इस्लामी जिहाद का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शन में विहिप और बजरंग दल के नेतृत्व में सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाए और वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार हो रहे हमले मानवता को शर्मसार करने वाले हैं। उन्होंने इस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। बजरंग दल के जिला सचिव सचिन कश्यप ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बांग्लादेश में एक निर्दोष युवक को जिस तरह से पेड़ से लटका कर मारा गया, वह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संदीप प्रजापति, रामेश्वर चौहान, रामबाबू कुशवाह, पुरुषोत्तम घाटिया सहित बजरंग दल के कार्यकर्ता और सर्व हिंदू समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की और भविष्य में भी ऐसे अन्याय के विरुद्ध संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


