बक्सवाहा के सीएमओ और उपयंत्री गिरफ्तार:पट्टा और पीएम आवास के लिए ₹30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए

छतरपुर जिले के बक्सवाहा नगर परिषद में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) सागर की टीम ने नगर परिषद की सीएमओ नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उन्हें आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के बदले रिश्वत लेते पकड़ा गया। बक्सवाहा निवासी हरिराम अहिरवार ने EOW सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीएमओ ने उनसे आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह सौदा 30 हजार रुपए में तय हुआ। उपयंत्री के जरिए रिश्वत ले रहे थे CMO
EOW ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। शिकायतकर्ता की सूचना पर EOW टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान सीएमओ नेहा शर्मा ने सीधे रिश्वत नहीं ली, बल्कि उपयंत्री शोभित मिश्रा को पैसे लेने के लिए आगे किया। जैसे ही उपयंत्री ने 30 हजार रुपए की रिश्वत ली, EOW टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पंच साक्षियों की मौजूदगी में उपयंत्री के हाथ केमिकल से धुलवाए गए, जिससे उनके हाथ गुलाबी हो गए और रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। बताया गया है कि आवेदक का आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास का आवेदन नगर परिषद में लंबित था। इस ट्रैप कार्रवाई में EOW सागर की उप पुलिस अधीक्षक उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, आदेश जैन, उप निरीक्षक सोनल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *