भास्कर न्यूज| धमतरी जिले में बिना मान्यता के संचालित 7 प्ले स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों के संचालकों को 7 दिनों के अंदर जवाब प्रस्तुत कर विधिवत रूप से मान्यता लेने का निर्देश दिया है। यदि स्कूल मान्यता प्रक्रिया में शामिल नहीं होते है, तो उन्हें तुरंत बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग के इस कदम से प्ले स्कूल संचालकों में चिंता है। जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल के पदभार ग्रहण करने के बाद विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा चल रही है। विकासखंड स्तर पर स्कूलों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। निजी स्कूलों की मान्यता संबंधित फाइलों की जांच जारी है। जिले में बिना मान्यता के संचालित प्ले स्कूलों का मामला सामने आया, जिसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने 8 सितंबर को नोटिस जारी किया। डीईओ अभय जायसवाल ने कहा कि प्ले स्कूल संचालित करने के लिए शिक्षा विभाग से मान्यता होना अनिवार्य है। इन 7 स्कूलों ने अभी तक मान्यता प्राप्त नहीं की थी, जिसके चलते नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कुछ स्कूलों ने जवाब प्रस्तुत किया है, जिन्हें मान्यता प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए कहा है। 7 निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया हैं, इनमें मकई चौक स्थित बचपन प्ले स्कूल, जल विहार कॉलोनी के आधारशीला प्ले स्कूल, सनसिटी कुरुद का ईजी किड्स, कुरुद स्थित आधारशीला प्ले स्कूल, घठुला का ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बोराई का गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल और भैंसा सांकरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर शामिल हैं। नोटिस में यह स्पष्ट किया कि बीईओ द्वारा निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई प्ले स्कूल बिना शिक्षा विभाग की अनुमति के संचालित हो रहे हैं, जो शिक्षा के अधिकार अधि. का उल्लंघन है।


