बगोदर में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी अमन और अकीदत का दिखा नज़ारा

भास्कर न्यूज | बगोदर बगोदर प्रखंड एवं आसपास के इलाकों में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरी अकीदत, अदब और अमन के साथ मनाया गया। इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफ़ा के जन्मदिन के मौके पर निकाले गए जुलूस-ए-मोहम्मदी में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही मुस्लिम बहुल गांवों में उत्साह का माहौल देखा गया। बगोदर, नेहरू स्मारक स्थल के पास स्थित बड़ी मस्जिद के निकट जब जुलूस निकला, तो पूरे क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी मुबारक और सरकार की आमद मरहबा के नारों से फिजा गूंज उठी। लोग हाथों में इस्लामी झंडे लिए हुए इस्लामिक नारों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ते नजर आए। इस बार चूंकि पर्व शुक्रवार के दिन पड़ा, लिहाजा प्रखंड के कई गांवों में सुबह ही जुलूस निकालकर जुमा की नमाज़ से पहले कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया। इससे नमाज़ में कोई विघ्न नहीं पड़ा और लोग समय पर मस्जिदों में पहुंचे। लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन, शिक्षाओं और सुन्नतों को याद करते हुए उन्हें अपने जीवन में अपनाने की बात कही। इलाके के मौलवियों और ओलमा-ए-कराम ने भी लोगों को मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। पूरे प्रखंड में प्रशासन की सतर्कता बनी रही। पुलिस बल एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर निगरानी रखी जिससे कार्यक्रम शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *