बगोदर में मुखिया पर जानलेवा हमला

बगोदर| बगोदर थाना क्षेत्र के दोनदलो गांव में सोमवार को दिन करीब 11:30 बजे सह पंचायत मुखिया तुलसी महतो पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावर ने कुल्हाड़ी से मुखिया के माथे पर वार करने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण तुलसी महतो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मुखिया सीधे बगोदर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू ने हमला किया। तुलसी महतो ने बताया कि वे लुतियनो-दोनदलो से आधार कार्ड कलेक्शन कर अपनी बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान हाथ में टांगी लिए आरोपी ने अचानक उनके माथे पर वार किया। हमले के दौरान पत्थर भी उनके ऊपर चलाया गया, लेकिन उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई। मुखिया ने कहा कि आरोपी से उनकी कोई पुरानी दुश्मनी नहीं है, बावजूद इसके जानलेवा हमला किया गया। टांगी के वार से हेलमेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और यदि हेलमेट नहीं होता तो उनकी मौत हो सकती थी। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *