पेण्ड्रा| जीपीएम जिले में कांग्रेस पार्टी के भीतर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के गुटों के बीच गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। बीते विधानसभा चुनाव में मरवाही जैसी कांग्रेस की परंपरागत सीट हारने और कोटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जीपीएम जिले के मतदान केंद्रों में भाजपा से पिछड़ने के बावजूद पार्टी सबक लेती नजर नहीं आ रही है। हाल ही में 30 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में नव नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानू के कार्यक्रम से महंत गुट के नेताओं ने दूरी बना ली थी। वहीं दूसरी ओर, महंत गुट द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित बघेल गुट के नेता अनुपस्थित रहे। इससे पार्टी की अंदरूनी खींचतान और अधिक उजागर हो गई। इसी क्रम में महंत गुट की ओर से इंदिरा उद्यान, पेण्ड्रा में नववर्ष मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस व विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।


